रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी ने चुनावी मतदाता सूची में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर गंभीर चिंता जताई है। पार्टी ने इस प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए दस्तावेज़ जमा करने की समय सीमा को कम से कम तीन महीने बढ़ाने की मांग की है।
कांग्रेस की SIR मॉनिटरिंग कमेटी के संयोजक और पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, सह-संयोजक धनेंद्र साहू और पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने निर्वाचन आयोग से मुलाकात कर आग्रह किया कि मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाए।
कांग्रेस का कहना है कि इस समय प्रदेश में खेती-किसानी का दौर चल रहा है, ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के लोग घरों में नहीं होते — जिससे दस्तावेज़ प्रस्तुत करने में दिक्कतें आ रही हैं। इसलिए, पार्टी ने SIR की समयसीमा तीन महीने बढ़ाने का अनुरोध किया है। निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को इस मामले में विचार करने का आश्वासन दिया है।










