रायपुर। राजधानी के राजीव भवन में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस SC मोर्चा ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को नमन करते हुए संविधान की रक्षा का संकल्प लिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि बाबा साहब ने संविधान सौंपते समय तीन गंभीर चिंताएँ व्यक्त की थीं। जिस दिन धर्म को देश से ऊपर माना जाएगा, उस दिन आज़ादी खो जाएगी। जब लोग अंधभक्त हो जाएंगे, तब आज़ादी छिन जाएगी। जब समाज में अराजकता बढ़ेगी, तब लोकतंत्र कमजोर हो जाएगा। गौतम ने आरोप लगाया कि- आज मोदी सरकार में बाबा साहब की ये तीनों चेतावनियां सच साबित हो रही हैं
उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया के नाम पर SC, ST और OBC लोगों के वोट काटे जा रहे हैं, जो पूरी तरह लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।गौतम ने दावा किया कि चुनाव आयोग बीजेपी के हित में काम कर रहा है, जिससे चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।
राजेंद्र पाल गौतम ने घोषणा की कि SIR में गड़बड़ियों को रोकने के लिए सभी बूथों पर बूथ रक्षकों का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम वोटरों के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक है। गौतम ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और देश में लोकतांत्रिक ढांचे पर गहरा संकट खड़ा हो रहा है।








