Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

बिलासपुर में धर्मांतरण को लेकर विवाद, आधा दर्जन परिवार ने एसपी से लगाई गुहार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के Bilaspur जिले में धर्मांतरण को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। Sirgitti Police Station क्षेत्र के तिफरा स्थित कुंदरापारा के करीब आधा दर्जन परिवार एसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है। परिवारों का आरोप है कि वे पिछले करीब 12 दिनों से डर और दहशत के कारण अपने घर नहीं जा पा रहे हैं।

पीड़ित परिवारों का आरोप है कि मोहल्ले में रहने वाले टोमन खांडे, जो 112 वाहन चालक बताया जा रहा है, ने करीब 10–12 साल पहले ईसाई धर्म अपना लिया था। अब वह अपने परिवार और आसपास के लोगों पर भी धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा है।

परिवारों के अनुसार, 15 फरवरी को टोमन खांडे कुछ लोगों के साथ कुंदरापारा पहुंचा और जबरन धर्मांतरण करने का दबाव बनाने लगा। जब इसका विरोध किया गया तो आरोपियों ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट की और ईंट-पत्थर भी फेंके। घटना का एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।

पीड़ितों का कहना है कि घटना के बाद से वे भय के माहौल में जी रहे हैं और कई परिवार अपने घरों से दूर रहने को मजबूर हैं। आरोप है कि अब तक आरोपियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते वे एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग कर रहे हैं।

वहीं सिरगिट्टी पुलिस का कहना है कि मामला पारिवारिक और जमीन से जुड़े विवाद का भी है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Related Posts

1 of 205