अंबिकापुर। शहर में स्कूलों में बच्चों के साथ हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला प्रतापपुर रोड स्थित होली होम एकेडमी का है, जहां कक्षा 6वीं में पढ़ने वाले 12 वर्षीय छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट का आरोप लगा है। परिजनों की शिकायत पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
जानकारी के अनुसार, विजय चौधरी का पुत्र 29 जनवरी को स्कूल गया हुआ था। आरोप है कि पढ़ाई से जुड़े किसी मामले को लेकर स्कूल में छात्र के शरीर पर 13 बार डंडे बरसाए गए। जब बच्चा घर पहुंचा तो उसके पैरों पर जगह-जगह गहरे निशान थे और खून जम चुका था। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज कराया गया।
घटना से आक्रोशित छात्र के पिता ने जिला शिक्षा अधिकारी से लिखित शिकायत की। शिकायत के साथ मारपीट से बने जख्मों की तस्वीरें और मेडिकल रिपोर्ट भी सौंपी गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीईओ दिनेश झा ने जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के लिए शासकीय उमावि खलिबा की प्राचार्य मीना पुरोहित, शासकीय उमावि सरगवां के प्राचार्य संजीव कुमार सिंह और सकालो हाई स्कूल की प्राचार्य अनिता दान को शामिल करते हुए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति को तत्काल स्कूल जाकर छात्र और परिजनों से मुलाकात कर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीईओ दिनेश झा ने बताया कि मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।










