सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भठगांव निवासी एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि शादी के तीन साल बाद भी उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। मामला बसना थाना क्षेत्र के बरौली गांव का है, जहां उसकी शादी तेज प्रताप ओगरे से हुई थी।
पीड़िता के मुताबिक, 24 जनवरी 2026 को उसके पति और सास ने मिलकर जबरन सिंदूर घोलकर उसे पिला दिया। आरोप है कि इस घटना में जेठ, जेठानी, सास और पति सभी शामिल थे। विवाहिता का कहना है कि उसे लंबे समय से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, लेकिन इस घटना ने प्रताड़ना की सारी सीमाएं पार कर दीं।
घटना के बाद पीड़िता ने बसना थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन परिवार का आरोप है कि अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ससुराल पक्ष खुलेआम यह कह रहा है कि “पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती”, जिससे पीड़िता के परिवार को पुलिस और आरोपियों के बीच सांठगांठ होने का संदेह है।
न्याय की आस में पीड़ित परिवार ने कलेक्टर कार्यालय तक अपनी फरियाद पहुंचाई है। बावजूद इसके अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। परिवार का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़िता की जान को खतरा हो सकता है।
यह मामला न केवल दहेज प्रथा की भयावह सच्चाई को उजागर करता है, बल्कि कानून व्यवस्था और प्रशासनिक संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब संज्ञान लेकर पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में कदम उठाता है।










