रायपुर। मेडिकल कॉलेजों को मान्यता दिलाने के नाम पर हो रहे कथित बड़े रिश्वत कांड की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को बड़ा कदम उठाया। ED ने छत्तीसगढ़ सहित 10 राज्यों में एक साथ व्यापक छापेमारी की है। यह कार्रवाई केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा 30 जून को दर्ज की गई FIR के आधार पर की गई है, जिसमें मेडिकल कॉलेजों से भारी रिश्वत लेकर मान्यता दिलाने के आरोप दर्ज हैं।
दिल्ली से पहुंची ED की टीम ने नवा रायपुर और दुर्ग क्षेत्र के चार निजी मेडिकल कॉलेज रावतपुरा मेडिकल कॉलेज (नवा रायपुर), RIMS मेडिकल कॉलेज, बालाजी मेडिकल कॉलेज, शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज, भिलाई पर छापा मारा। टीम ने कॉलेज परिसरों से मान्यता प्रक्रिया से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलें जब्त की हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इन कॉलेजों के कुल सात परिसरों के साथ जुड़े व्यक्तियों के घरों और कार्यालयों पर भी PMLA (धन शोधन निवारण अधिनियम) के तहत सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
छत्तीसगढ़ के अलावा ED ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में भी एक साथ छापे की कार्रवाई की है। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई मेडिकल कॉलेज मान्यता में बड़े पैमाने पर हो रहे भ्रष्टाचार और पैसों के लेन-देन से जुड़े मजबूत साक्ष्य इकट्ठा करने के लिए की गई है।










