Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर में ‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने पर FIR, अश्लीलता के आरोप में शिकायत दर्ज

रायपुर। फिल्म KD: The Devil के गाने “सरके चुनर तेरी सरके” को लेकर राजधानी रायपुर में विवाद खड़ा हो गया है। गाने में कथित अश्लील और द्विअर्थी कंटेंट को लेकर सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में अधिवक्ता अनुराग गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में Nora Fatehi और Sanjay Dutt पर फिल्माए गए इस गाने को आपत्तिजनक बताया गया है। साथ ही फिल्म के निर्माता, गीतकार रकीब आलम और संगीतकार अर्जुन जन्या के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में डिजिटल प्लेटफॉर्म YouTube को भी जिम्मेदार ठहराया गया है।

अनुराग गुप्ता का आरोप है कि गाने में दिखाए गए दृश्य और बोल समाज में अश्लीलता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह का कंटेंट बच्चों और किशोरों पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है और यह सार्वजनिक नैतिकता के खिलाफ है।

पुलिस ने शुरू की जांच
सिविल लाइंस थाना प्रभारी के अनुसार शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस गाने के कंटेंट और उसके डिजिटल प्रसारण की समीक्षा करेगी। जांच के आधार पर अश्लीलता और द्विअर्थी भाषा पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इस मामले में फिल्म के निर्माता, कलाकार और गीतकार को नोटिस जारी किया जा सकता है। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी कंटेंट की समीक्षा करने को कहा जाएगा।

बढ़ सकता है विवाद
गाने को लेकर उठे इस विवाद ने एक बार फिर मनोरंजन और नैतिकता के बीच संतुलन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है और क्या इस तरह के कंटेंट पर कोई सख्त कार्रवाई होती है या नहीं।

Related Posts

1 of 228