Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में छत्तीसगढ़ के 4 युवाओं ने मारी बाजी, दर्शना सिंह को 383वीं रैंक

रायपुर। Union Public Service Commission (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित होने के बाद छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का पल सामने आया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में प्रदेश के चार अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर अपने परिवार और राज्य का नाम रोशन किया है। सफल अभ्यर्थियों में रायपुर के रौनक अग्रवाल, महासमुंद के संजय डहरिया, एमसीबी जिले की दर्शना सिंह और धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव शामिल हैं।

दर्शना सिंह को 383वीं रैंक

एमसीबी जिले की दर्शना सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 383वीं रैंक हासिल की है। उनकी सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। दर्शना के पिता अरुण सिंह राशन दुकान संचालक हैं, जबकि उनकी माता सीमा सिंह नगर पंचायत जनकपुर की भाजपा पार्षद हैं। साधारण परिवार से आने वाली दर्शना ने कड़ी मेहनत और निरंतर पढ़ाई के दम पर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक में सफलता हासिल की है। उनकी रैंक के आधार पर उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में होने की संभावना जताई जा रही है।

डायमंड सिंह ध्रुव को 623वीं रैंक

धमतरी जिले के परसवानी गांव के रहने वाले डायमंड सिंह ध्रुव ने इस परीक्षा में 623वीं रैंक प्राप्त की है। खास बात यह है कि वे पहले ही Chhattisgarh Public Service Commission (CGPSC) परीक्षा पास कर छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि निरंतर मेहनत और समर्पण से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया भी सफल

रायपुर के मोवा निवासी रौनक अग्रवाल ने 772वीं रैंक हासिल की है। वे मूल रूप से रायगढ़ जिले के निवासी हैं और रायपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। वहीं महासमुंद के संजय डहरिया ने 946वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की है।

मॉक इंटरव्यू से मिला फायदा

दिलचस्प बात यह है कि यूपीएससी इंटरव्यू से पहले रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया दोनों ही रायपुर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मॉक इंटरव्यू में शामिल हुए थे। उस दौरान रायपुर के कलेक्टर Gaurav Kumar Singh ने उनका इंटरव्यू लिया और महत्वपूर्ण सुझाव दिए थे।

अंतिम परिणाम में सफलता मिलने के बाद कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह स्वयं उनके घर पहुंचे और उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी। चारों अभ्यर्थियों की सफलता से प्रदेशभर में खुशी और गर्व का माहौल है।

Related Posts

1 of 205