रायपुर। छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में IPL के मैच खेले जाएंगे। इसको लेकर RCB के CEO ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की है। IPL के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) रायपुर में अपने मुकाबले खेलेगी। इसकी जानकारी खुद सीएम विष्णुदेव साय ने दी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि IPL जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के मैच छत्तीसगढ़ में होने से राज्य की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी। इससे स्थानीय युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और राज्य में खेल संस्कृति को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार सफल आयोजन के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगी।
RCB टीम कर चुकी है मैदान का निरीक्षण
सूत्रों के अनुसार, RCB इस सीजन में रायपुर में 2 से 5 मैच खेल सकती है। इसके लिए टीम मैनेजमेंट पहले ही शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम का निरीक्षण कर चुका है। साथ ही इस संबंध में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ से भी बातचीत पूरी हो चुकी है। अब केवल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। क्रिकेट संघ के अधिकारियों का कहना है कि इस बार रायपुर में आईपीएल मैच होना तय है, हालांकि मैचों की संख्या जल्द स्पष्ट होगी।
RCB ने बदला होम ग्राउंड, रायपुर पहली पसंद
गौरतलब है कि IPL 2026 के लिए RCB ने अपने पारंपरिक होम ग्राउंड चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु से हटने का फैसला किया है। पिछले सीजन में वहां हुई घटनाओं और भगदड़ के बाद टीम ने नया विकल्प तलाशा। इस दौरान रायपुर और इंदौर को शॉर्टलिस्ट किया गया, लेकिन RCB की प्राथमिकता रायपुर मानी जा रही है।
अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा, तो रायपुर के दर्शक पहली बार विराट कोहली और RCB की टीम को अपने शहर में लाइव खेलते देख सकेंगे। यह छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों के लिए किसी बड़े उत्सव से कम नहीं होगा।









