बिलासपुर। शुक्रवार शाम बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोटा रोड स्थित जुनाशहर के पास तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भौरीडीह निवासी मनहरण कमल (पिता गणेश राम) अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान कोटा रोड पर सामने से आ रही शिवकुमार धनुहार की बाइक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में मनहरण कमल और शिवकुमार धनुहार की मौके पर ही मौत हो गई। शिवकुमार की बाइक पर सवार कृष्ण कुमार धनुवार गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घायल को बिलासपुर रेफर
राहगीरों की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।









