रायपुर | राजधानी के ग्रामीण इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम कुम्हारी स्थित एक ईंट भट्ठे में काम करने वाले जीजा ने अपने ही सगे साले की बेरहमी से हत्या कर दी। विवाद की वजह महज 150 रुपये की शराब बनी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
महासमुंद से रायपुर आए थे मजदूरी करने
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक घनश्याम यादव (30 वर्ष) और आरोपी गोपी उर्फ गोप सिंह बरिहा (45 वर्ष) दोनों महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम पल्सी पानी के रहने वाले थे। दोनों कुम्हारी इलाके के एक ईंट भट्ठे में मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहे थे। आपस में जीजा-साला होने के कारण दोनों साथ ही रहते थे।
शराब को लेकर उपजा विवाद
घटना की पटकथा 8 अप्रैल को लिखी गई, जब दोनों सिलतरा स्थित शराब भट्ठी पहुंचे थे। आरोपी गोपी ने अपने साले घनश्याम को 150 रुपये देकर शराब लाने भेजा था। आरोप है कि घनश्याम ने उन पैसों की शराब लाकर जीजा को देने के बजाय खुद ही पी ली। इस बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो अगले दिन खूनी संघर्ष में बदल गई।
नदी किनारे रची हत्या की साजिश
9 अप्रैल को जब दोनों खारुन नदी में नहाने गए थे, तब आरोपी गोपी ने मौके का फायदा उठाया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि घनश्याम जब नदी किनारे शौच के लिए गया, तब गोपी ने उसे पीछे से जोर का धक्का दिया। गिरने की वजह से घनश्याम पत्थर से टकराकर बेहोश हो गया। आरोपी को लगा कि वह मर चुका है, लेकिन पकड़े जाने के डर से उसने अपने गमछे से साले का गला घोंट दिया ताकि कोई कसर न रहे।
पुलिस की कार्रवाई
नदी किनारे संदिग्ध अवस्था में शव मिलने के बाद पुलिस ने तफ्तीश शुरू की। संदेह के आधार पर जब जीजा गोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।










