Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: तेज रफ्तार हाइवा ने मां-बेटी को कुचला, दोनों की मौके पर मौत

कोरबा। दर्री डेम के पास दर्री मुख्य बाजार में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दर्री थाना क्षेत्र के उपनगरीय इलाके दर्री में हुआ, जिससे क्षेत्र में सनसनी और आक्रोश का माहौल बन गया।

पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार कोहड़िया बस्ती निवासी रामकुमारी वर्मा अपनी बेटी रेणु वर्मा के साथ स्कूटी से दर्री बाजार आई थीं। रात करीब 7 से 8 बजे के बीच दोनों बाजार से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक स्कूटी के बगल से गुजरा, जिससे स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और मां-बेटी सड़क पर गिर पड़ीं।

बताया गया कि इससे पहले वे संभल पातीं, तेज रफ्तार हाइवा वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हाइवा के नीचे आने से दोनों को गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि यह व्यस्त मार्ग होने के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं।

करीब 1 से डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर मार्ग बहाल कराया। पुलिस ने हाइवा चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

Related Posts

1 of 251