दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक शादीशुदा युवक ने लेडीज टेलर चलाने वाली महिला के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। महिला ने साफ इनकार किया तो आरोपी ने गंदी-गंदी गालियां दीं और धमकी दी कि वह उसे अगवा करवा देगा और पूरे परिवार को खत्म करवा देगा।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी गनपत ध्रुव करीब डेढ़ साल पहले अपनी पत्नी के कपड़े सिलवाने के बहाने उसके पास आया था। इसी दौरान उसने चालाकी से महिला का मोबाइल नंबर ले लिया। शुरू में सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन जल्द ही वह फोन पर अश्लील बातें करने लगा और बार-बार “लव अफेयर” का प्रस्ताव रखने लगा।
महिला और उसके पति ने कई बार मना किया और समझाया, तो आरोपी कुछ दिन शांत रहा। लेकिन 28 नवंबर 2025 को दोपहर साढ़े 12 बजे से फिर अलग-अलग नंबरों से कॉल आने शुरू हो गए। इस बार धमकियां और भद्दी गालियां पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक थीं। आरोपी ने फोन पर चिल्लाते हुए कहा, “अगर बात नहीं मानी तो तुम्हें उठवा लूंगा और पूरे परिवार को मरवा दूंगा।”
लगातार मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकियों से परेशान होकर पीड़िता अपने पति के साथ खुर्सीपार थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने साफ लिखा है कि भविष्य में उसके या परिवार के साथ कोई अनहोनी हुई तो इसके लिए गनपत ध्रुव पूरी तरह जिम्मेदार होगा।
पुलिस ने शिकायत मिलते ही तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली। खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी गनपत ध्रुव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 (महिला की लज्जा भंग करने का आशय) और धारा 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।







