बिलासपुर: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संडेल में हुए रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड में एक और दुखद खबर सामने आई है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवती निशा कश्यप की इलाज के दौरान बिलासपुर के सिम्स (CIMS) अस्पताल में मौत हो गई है। युवती पिछले कई दिनों से वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही थी।
क्या था पूरा मामला?
यह खौफनाक वारदात 3 फरवरी की है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार बिलासपुर निवासी शुभम नायडू अपनी प्रेमिका निशा कश्यप के साथ कोरबा के उरगा इलाके में पहुँचा था। संडेल गांव के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर शुभम ने चाकू से निशा का गला रेत दिया। युवती को मरा हुआ समझकर शुभम ने उसी चाकू से खुद का भी गला काट लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने खून से लथपथ निशा को तत्काल अस्पताल पहुँचाया था। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक, घाव काफी गहरा था और काफी खून बह जाने के कारण उसकी स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई थी। अंततः, उपचार के दौरान उसकी सांसें थम गईं।
पुलिस का पक्ष: उरगा पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला बताया था। युवक की पहले ही मौत हो चुकी है, और अब मुख्य गवाह व पीड़िता की मौत के बाद पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है।








