Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- ऑपरेशन ‘साइबर शील्ड’ में बड़ी कार्रवाई: फर्जी APK से ठगी करने वाले दो आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

रायपुर। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विनमेट (Winmate) APK के माध्यम से फर्जी लिंक भेजकर ऑनलाइन ठगी करने वाले दो मुख्य आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है।

4.52 लाख की ठगी, फर्जी ई-चालान लिंक से अकाउंट खाली

थाना विधानसभा में प्रार्थी धर्मेंद्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि RTOechallan नाम से आए एक SMS में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके बैंक खाते से 4 लाख 52 हजार रुपये निकल गए। मामले में अपराध क्रमांक 8/26 के तहत धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं 66(D) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच रेंज साइबर थाना द्वारा शुरू की गई। जांच के दौरान गूगल, बैंक, यूट्यूब, मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों और टेलीग्राम से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया।

सोशल मीडिया पर लालच, APK से मोबाइल हैक

जांच में सामने आया कि आरोपी यूट्यूब व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर Task Complete, Instant Bonus, Referral Bonus और गेम खेलकर कमाई जैसे प्रलोभन देकर Winmate और Wingo जैसे ऐप का प्रचार करते थे। ये ऐप प्ले स्टोर या ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं होते थे।

APK फाइल इंस्टॉल करते ही यूजर को बोनस राशि दिखती थी और उसके मोबाइल नंबर से बड़ी संख्या में फर्जी चालान, बोनस लिंक और अन्य संदिग्ध लिंक भेजे जाते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता, उसका मोबाइल हैक हो जाता और बैंक खाता या ई-वॉलेट से रकम निकाल ली जाती।

क्विक कॉमर्स से रकम की हेराफेरी

साइबर अपराधी ठगी की रकम को छिपाने के लिए Swiggy/Instamart जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से सामान खरीदकर अलग-अलग राज्यों में उसकी डिलीवरी करवाते थे, जिससे रकम का ट्रैक करना कठिन हो जाता था।

राजस्थान से दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में दो मुख्य आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है:

  1. पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल
    पिता – हीराराम, उम्र 20 वर्ष
    पता – ग्राम डोलीकला, थाना कल्याणपुर, बाड़मेर (राजस्थान)
  2. नरसिंह सिंह
    पिता – नैना राम, उम्र 24 वर्ष
    पता – भोपालगढ़, जोधपुर (राजस्थान)

आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खातों की जानकारी जब्त की गई है। इससे पहले भी इसी तरह के साइबर फ्रॉड मामले में WinGo ऐप के जरिए ठगी करने वाले तीन आरोपियों को महाराष्ट्र, ओडिशा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया जा चुका है।


पुलिस की अपील: इन सावधानियों का रखें ध्यान

किसी भी ऐप को केवल Play Store या App Store से ही डाउनलोड करें। “गारंटीड मुनाफा”, “रोज़ पक्का रिटर्न” या “आसान कमाई” जैसे प्रलोभनों से सावधान रहें। SMS, कॉन्टैक्ट, कॉल लॉग या बैंक संबंधी अनावश्यक अनुमति मांगने वाले ऐप इंस्टॉल न करें। सोशल मीडिया पर दिखाए गए फर्जी स्क्रीनशॉट या प्रशंसापत्रों पर भरोसा न करें। किसी भी अज्ञात लिंक, APK फाइल या कॉल के निर्देशों का पालन न करें। यदि साइबर ठगी का शिकार हों, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।

Related Posts

1 of 172