नया रायपुर: नया रायपुर स्थित बालको मेडिकल सेंटर (BMC) ने कैंसर उपचार के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए दा विंची Xi रोबोटिक सर्जरी सिस्टम की शुरुआत की है। इस सुविधा के साथ बीएमसी मध्य भारत का पहला निजी अस्पताल बन गया है, जहां यह अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध है।
रोबोटिक सर्जरी से मरीजों को राहत
दा विंची Xi रोबोटिक सिस्टम के जरिए सर्जरी के दौरान छोटे चीरे लगाए जाते हैं, जिससे रक्तस्राव कम होता है और मरीज तेजी से स्वस्थ होकर घर लौट सकते हैं। हाई-डेफिनिशन 3डी विज़न और बेहतर कंट्रोल के कारण डॉक्टर जटिल सर्जरी को अधिक सटीकता के साथ कर पाते हैं।
सर्जनों को मिलेगी अधिक सटीकता
बीएमसी के हेड-सर्जिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. दिवाकर पांडेय ने बताया कि इस तकनीक से जटिल कैंसर सर्जरी और अधिक सुरक्षित और सटीक हो जाएगी। इससे ऑपरेशन के दौरान अंगों को सुरक्षित रखने में भी मदद मिलेगी।
प्रबंधन ने बताया बड़ा कदम
वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही ने कहा कि यह तकनीक संस्थान को कैंसर उपचार के क्षेत्र में नई मजबूती देती है और मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाला इलाज प्रदान करेगी।
मरीजों को मिलेगा बड़ा फायदा
बालको के सीईओ राजेश कुमार के अनुसार, इस सुविधा के बाद मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों में जाने की जरूरत कम पड़ेगी, जिससे समय, खर्च और मानसिक तनाव में कमी आएगी।
बीएमसी की उपलब्धि
अब तक 12,000 से अधिक सर्जरी कर चुका बालको मेडिकल सेंटर इस नई तकनीक के साथ और अधिक सशक्त हो गया है और मरीजों को सुरक्षित, सटीक और तेजी से रिकवरी वाली चिकित्सा सुविधा प्रदान करेगा।










