Trendingखेलछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर वनडे से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ब्लैक में टिकट बेचते दो युवक गिरफ्तार

भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच से पहले रायपुर में ब्लैक टिकट बेचने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन पुलिस ने भारत माता चौक के पास घेराबंदी कर फाफाडीह के रहने वाले ऋतिक माकीजा और देवव्रत माकीजा को हिरासत में लिया है। दोनों आरोपी मैच की टिकटें खरीदकर उन्हें अवैध रूप से अधिक दामों पर बेच रहे थे। पुलिस को इसकी भनक लगते ही टीम ने मौके पर कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ लिया। थाना प्रभारी दीपक पासवान के अनुसार, दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है और पुलिस ऐसे अन्य लोगों पर भी कड़ी नजर रखे हुए है।

इससे पहले टिकट खरीदने के लिए इंडोर स्टेडियम में छात्रों की लंबी कतारें देखी गईं। सोमवार को स्टूडेंट्स के लिए रिजर्व सीटों की बिक्री शुरू हुई और सुबह 4 बजे से ही काउंटर के बाहर भीड़ जमा होने लगी। टिकट वितरण सुबह 10 बजे शुरू हुआ, लेकिन इससे पहले ही छात्रों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कई छात्राओं ने बैरिकेड तक तोड़ने की कोशिश की और पुलिस से बहस भी हुई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

रायपुर में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए CSCS और BCCI ने दर्शकों के लिए कड़े सुरक्षा नियम जारी किए हैं। स्टेडियम में प्रवेश से पहले दर्शकों की किसी भी समय चेकिंग और फ्रिस्किंग की जा सकती है।
स्टेडियम में कोई भी बैनर, पोस्टर या सामग्री ले जाना प्रतिबंधित है, जो किसी स्पॉन्सर के अधिकारों को प्रभावित करे। बाहरी खाना, पेय पदार्थ और शराब पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। दर्शकों को सिर्फ स्टेडियम के अंदर उपलब्ध फूड–बेवरेज ही मिल सकेंगे।

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अब तक दो इंटरनेशनल मैच आयोजित हो चुके हैं, जिन्होंने इसे देश के प्रमुख वेन्यूज़ में जगह दिलाई है। इस बार भी मैच को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए BCCI ने टीम की घोषणा कर दी है। कप्तान शुभमन गिल, उपकप्तान श्रेयस अय्यर और हार्दिक पंड्या चोटिल होने के कारण बाहर हैं। टीम की कमान विकेटकीपर केएल राहुल को सौंपी गई है।

सबसे बड़ी बात यह है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली लगभग 9 महीने बाद भारत में इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते दिखाई देंगे। ऐसे में रायपुर में स्टार खिलाड़ियों को देखने की चाहत में दर्शकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। पहले चरण में अपर–लोअर स्टैंड्स, गोल्ड और सिल्वर सीटों के टिकट तेजी से बिके हैं, जबकि दूसरी फेज के लिए अभी लगभग 70% सीटें उपलब्ध हैं।

भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज 30 नवंबर से शुरू हो रही है, जबकि टी-20 सीरीज 9 दिसंबर से खेली जाएगी। रायपुर का यह मुकाबला दर्शकों के लिए रोमांच और सुरक्षा दोनों लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Posts

रायपुर ब्रेकिंग: देवेंद्र इलाके के इलेक्ट्रानिक गोदाम में भीषण आग, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, VIDEO

रायपुर: रायपुर के देवेंद्र इलाके में स्थित एक इलेक्ट्रानिक फैक्ट्री में अचानक आग…

1 of 245