Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: तेज रफ्तार का कहर, धनहर में भीषण सड़क हादसे में तीन की मौत

एमसीबी। कहते हैं, “नजर हटी, दुर्घटना घटी” — सड़क पर जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। मंगलवार को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के धनहर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा धनहर के तिलोखन जंगल इलाके में हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत

मृतकों की पहचान अवधेश (28 वर्ष), मोनू उर्फ अखिलेश और श्याम सिंह गोंड (45 वर्ष) के रूप में हुई है। अवधेश और मोनू आपस में सगे भाई थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर ग्राम घाघरा से किसी निजी कार्य से निकले थे। इसी दौरान उनकी बाइक को पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

परिजनों को फोन नहीं उठाने पर हुई आशंका

परिजनों के अनुसार, तय समय पर जब तीनों अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचे तो परिवार वालों ने फोन लगाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका के बीच बाद में सूचना मिली कि धनहर के पास सड़क किनारे तीन शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शवों को देख बिलख पड़े।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही केल्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस सड़क किनारे लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

परिजनों और ग्रामीणों की मांग

पीड़ित परिवार ने आरोपी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं, लेकिन यातायात सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्पीड लिमिट और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने की मांग की है।जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

Related Posts

1 of 192