बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला प्रकाश में आया है। एक नाबालिग युवती को झांसे में लेकर सुनसान इलाके में ले जाया गया, जहाँ तीन आरोपियों ने उसके साथ दरिंदगी की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी सहित अन्य को हिरासत में ले लिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग युवक पीड़िता को डेम (Dam) घुमाने के बहाने एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां पहुँचने के बाद नाबालिग आरोपी ने युवती के साथ जबरदस्ती शुरू की। इसी बीच दो अन्य युवक भी वहां पहुँच गए। आरोप है कि उन दोनों युवकों ने पूरी घटना का वीडियो बनाया और फिर बारी-बारी से पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने घर पहुँचकर परिजनों को आपबीती सुनाई।
परिजनों की शिकायत मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने एक नाबालिग समेत कुल तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पीड़िता का डॉक्टरी मुलाहिजा कराया गया है और उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले में POCSO एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।










