Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

Chhattisgarh Teachers Bharti: छत्तीसगढ़ में 5000 से अधिक शिक्षकों की भर्ती, जल्द जारी होगी गाईडलाइंस

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। विभाग द्वारा सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता एवं सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के कुल 5000 से अधिक पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन शीघ्र जारी किया जाएगा।

इन पदों पर भर्ती के लिए शासन ने छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) को परीक्षा आयोजन हेतु अधिकृत किया है। विभाग द्वारा विज्ञापन जारी करने संबंधी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर आवश्यक दस्तावेज व्यापम को उपलब्ध करा दिए गए हैं।

फरवरी 2026 से शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया

सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया फरवरी 2026 से प्रारंभ की जाएगी। चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से होगा, जिसका आयोजन व्यापम द्वारा किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद यह कदम उठाया गया है ताकि राज्य के विभिन्न सरकारी स्कूलों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी को दूर किया जा सके।

हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

इस भर्ती अभियान से न केवल शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। खास बात यह है कि भर्ती में व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक और प्रयोगशाला सहायक जैसे विभिन्न पद शामिल हैं, जिससे अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा।

2023 भर्ती प्रक्रिया पूर्ण

विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षक सीधी भर्ती 2023 की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण में माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारियों के स्थान पर डी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर प्रदान किया गया है।

विभाग द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश (डिटेल्ड गाइडलाइंस) आगामी दिनों में जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक सूचना का इंतजार करें और नियमित रूप से विभागीय वेबसाइट पर अपडेट देखते रहें।

Related Posts

1 of 184