Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

लव ट्रायंगल में हत्या: अभनपुर में युवक की हत्या का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। अभनपुर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में लव ट्रायंगल की वजह से एक युवक की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में 2 नाबालिग, 2 बालिग और 1 युवती समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक और मुख्य आरोपी श्याम सुंदर, दोनों का एक ही युवती से प्रेम संबंध था। इसी को लेकर आपसी रंजिश बढ़ी और श्याम सुंदर ने पूरे हत्याकांड की साजिश रची।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवती ने ही मृतक को मिलने के लिए बुलाया था। बातचीत के दौरान उसने मृतक के सिर पर लोहे के पाइप से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी श्याम सुंदर ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक को मृत समझकर आरोपी श्याम सुंदर ने अपने नौकरों, जिनमें दो नाबालिग शामिल थे, के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। वे माइकल और सुमित कोसले के साथ शव को ऑटो में डालकर सुनसान इलाके में ले गए, जहां गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी श्याम सुंदर रायपुर में आलू-प्याज का थोक व्यापारी है, जबकि गिरफ्तार युवती शादीशुदा है और एक बच्चे की मां है।मामले में पुलिस ने श्याम सुंदर और युवती को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य आरोपी माइकल अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

यह पूरा मामला अभनपुर थाने में दर्ज एफआईआर के आधार पर सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने तफ्तीश करते हुए इस हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा करने की बात कह रही है।

Related Posts

1 of 253