पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के 11वें सीजन की शुरुआत 26 मार्च से होने जा रही है, लेकिन उससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट को बड़ा झटका लगा है। जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने PSL का कॉन्ट्रैक्ट छोड़कर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने का फैसला किया है। इस फैसले से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) नाराज बताया जा रहा है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
इस्लामाबाद यूनाइटेड ने किया था शामिल
दरअसल, मुजरबानी को PSL की टीम इस्लामाबाद यूनाइटेड ने शमार जोसेफ की जगह अपने स्क्वॉड में शामिल किया था। ऐसे में वह PSL 2026 में तीन बार की चैंपियन इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए खेलने वाले थे। लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद हालात बदल गए।
वर्ल्ड कप के प्रदर्शन से मिली IPL एंट्री
टी20 वर्ल्ड कप में मुजरबानी ने 6 मैचों में 13 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 विकेट लेकर उन्होंने खासा प्रभाव डाला। उनके इस प्रदर्शन के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया।
दरअसल, KKR ने जनवरी में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था, जिसके बाद उनकी जगह मुजरबानी को टीम में मौका दिया गया। मुजरबानी ने PSL का कॉन्ट्रैक्ट छोड़कर IPL का रास्ता चुना, जिससे PCB काफी नाराज है।
एक साल के बैन की संभावना
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक PCB इस मामले में सख्त कानूनी कदम उठा सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मुजरबानी पर PSL में एक साल का बैन लगाया जा सकता है।
यह लगातार दूसरा साल है जब ऐसा मामला सामने आया है। पिछले सीजन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी कोर्बिन बॉश ने PSL छोड़कर मुंबई इंडियंस जॉइन किया था, जिसके बाद उन्हें एक सीजन के लिए बैन कर दिया गया था।
मुजरबानी का अंतरराष्ट्रीय करियर
ब्लेसिंग मुजरबानी जिम्बाब्वे के प्रमुख तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं। वह अब तक 89 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं और इनमें 106 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। वह लगातार दूसरे सीजन में IPL का हिस्सा बनने जा रहे हैं। पिछले सीजन में वह चैंपियन टीम RCB के स्क्वॉड में थे, हालांकि उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला था।









