रायपुर: डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने आज गृह और जेल विभाग की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की प्रेसवार्ता में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्य में इंटीग्रेटेड सिस्टम का काम पूरा हो चुका है और जल्द ही सभी जिलों में इसे लागू किया जाएगा, वहीं ई-साक्ष्य के लिए अलग सॉफ्टवेयर विकसित किया गया है जिससे पुलिस का मनोबल बढ़ा है। STF का गठन किया गया है और ‘क्विट इंडिया’ अभियान के माध्यम से 34 लोगों को डिपोर्ट किया गया। गौ तस्करी के मामलों में 2025 में 405 प्रकरण दर्ज हुए, 61 वाहनों को नीलाम किया गया और 18 आदतन तस्करों को निगरानी में रखा गया, साथ ही गैंगस्टर एक्ट भी लागू किया गया।

NDPS मामलों में 14 करोड़ की संपत्ति नीलाम की गई और 2025 में कुल 45,000 किलो गांजा नष्ट किया गया। साइबर क्राइम से निपटने के लिए 10 नए थाना बनाए गए और 23,000 सिम कार्ड ब्लॉक किए गए। ऑनलाइन सट्टा और बैटिंग एप्लीकेशन पर कार्रवाई के तहत 400 साइट्स और एप्लीकेशन को ब्लॉक किया गया, जिसमें महादेव सट्टा एप से जुड़े 35 साइट्स भी शामिल हैं।
नक्सलवाद पर विजय शर्मा ने कहा कि मार्च तक प्रदेश से नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त किया जाएगा। 2024 में 10, 2025 में 20 और इस साल दो महीने में 5 AK-47 हथियार बरामद किए गए, जबकि आत्मसमर्पण से 2025 में 26 AK-47 हथियार प्राप्त हुए। पिछले तीन सालों में कुल 1100 हथियार बरामद किए गए, 532 नक्सली मारे गए, 2004 गिरफ्तार और 2700 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इसके अलावा, 34 बांग्लादेशियों को डिपोर्ट किया गया। गृहमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून और व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गृह विभाग पूरी तरह सक्रिय है और जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है।










