बिलासपुर: बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट से रविवार रात रात्रिकालीन उड़ान सेवा की ऐतिहासिक शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नाइट ऑपरेशन्स का लोकार्पण किया और स्वयं रात की पहली उड़ान से रायपुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान विधायक धर्मजीत सिंह भी मुख्यमंत्री के साथ रात्रिकालीन उड़ान में शामिल हुए।
एयरपोर्ट का उन्नयन
एयरपोर्ट को 3 सी वीएफआर (VFR) से 3 सी आईएफआर (IFR) श्रेणी में उन्नत करने के लिए कुल 31 करोड़ 1 लाख रुपए की लागत से कार्य किया गया। इस उन्नयन के बाद DGCA ने 6 फरवरी 2026 को 3 सी आईएफआर एवं रात्रि संचालन की अनुमति प्रदान की थी।
समारोह और भागीदारी
समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने की। इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला और महापौर पूजा विधानी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह उपलब्धि योजनाकारों, तकनीकी टीम, एयरपोर्ट कर्मियों और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। रात्रिकालीन उड़ान सेवा शुरू होने से बिलासपुर की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।
उन्होंने कहा कि अब निर्धारित और अनिर्धारित उड़ानों के साथ-साथ आपातकालीन और मेडिकल फ्लाइट्स भी रात में संचालित हो सकेंगी, जिससे जीवनरक्षक सेवाओं की प्रभावशीलता और बढ़ेगी।
बिलासपुर के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस उपलब्धि को शहर के विकास में मील का पत्थर बताया और सभी संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।










