रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रभारी और बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन बिहार में मिली जीत के बाद पहली बार रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान नितिन नबीन ने कहा कि छत्तीसगढ़ से मेरा गहरा रिश्ता है और उन्होंने सभी को छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दी। उन्होंने अपनी जीत के लिए छत्तीसगढ़ के भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से नितिन नबीन ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने नितिन नबीन का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें शॉल एवं प्रतीक चिन्ह नन्दी भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक किरण देव और छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह भी मौजूद थे।
नितिन नबीन ने अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान कहा कि बिहार में मिली जीत का श्रेय भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने छत्तीसगढ़वासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया जिन्होंने बिहार चुनाव में योगदान दिया।
डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस को लेकर उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन राज्य के विकास को दर्शाते हैं। छत्तीसगढ़ को 25 साल हो चुके हैं और अब राज्य के निर्माण के बाद उसे संवारने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में चल रही आपसी कलह और नेतृत्वहीनता के कारण वहां ऐसी स्थिति बनी हुई है।
उस पार्टी में सिर फुटव्वल जैसी स्थिति बनती ही है, कर्नाटक में राहुल गांधी के कारण ही तो CM को बौना दिखाने में लगे हुए हैं। इस तरीके का खेल छत्तीसगढ़ में भी चलता है। यहां भी एक दो लोग है।









