बालोद: जिले के गुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दियाबाती में CCTV कैमरे लगाने को लेकर विवाद हिंसक रूप लेता नजर आया। आरोप है कि कुछ दबंगों ने कैमरा लगाने का काम रुकवाते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम विकास समिति के निर्णय के बाद गांव के तीन मोहल्लों में CCTV कैमरे लगाने की योजना शुरू हुई थी। दो मोहल्लों में कैमरे लग चुके थे, लेकिन 16 मार्च को प्रेम नगर दियाबाती में काम शुरू होते ही कुछ लोग विरोध करते हुए मौके पर पहुंचे और डंडों के साथ काम रुकवा दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने वालों ने काम कर रहे लोगों को दौड़ाया, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गंभीर धमकियां दीं, जिससे लोगों को मौके से भागना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बाद में थाना प्रभारी पहुंचे, लेकिन दबाव में आकर कैमरा लगाने का स्थान बदल दिया गया।
घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपित लगातार धमकी दे रहे हैं और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहे हैं।
इससे नाराज होकर करीब 200 ग्रामीण पूर्व विधायक भैय्या राम सिन्हा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने धनसाय साहू, खोमन साहू, आकाश साहू और मनहरण साहू के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गांव में बड़ी घटना हो सकती है।









