रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में अवैध देह व्यापार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने बीती रात शिवा नगर इलाके में दबिश देकर एक और जिस्मफरोशी के अड्डे का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके पर मौजूद दो युवतियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के केलो विहार कॉलोनी में सेक्स रैकेट का खुलासा होने के बाद यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिससे शहर में हड़कंप मच गया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एसबीआई मेन ब्रांच के सामने सड़क किनारे स्थित अनिल कुमार नंदे के मकान में अवैध देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, यहां राहुल कुमार यादव और उसकी एक महिला सहयोगी बाहर से युवतियों को बुलाकर अनैतिक देह व्यापार कराते थे और उससे अवैध कमाई करते थे। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर देर रात मकान पर छापेमारी की।
मकान से मिले आरोपी और युवतियां
छापेमारी के दौरान मकान के भीतर आरोपी राहुल कुमार यादव, उसकी महिला सहयोगी और अनैतिक कार्य के लिए लाई गई दो युवतियां मौजूद मिलीं। सभी को हिरासत में लेकर सिटी कोतवाली थाने लाया गया, जहां अलग-अलग पूछताछ की गई। पूछताछ में राहुल कुमार यादव ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था और कमाई को आपस में बांटा जाता था।
पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार यादव और उसकी महिला सहयोगी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। वहीं, पूछताछ में यह स्पष्ट होने पर कि दो युवतियां रैकेट की संचालक नहीं थीं, उन्हें समझाइश देकर छोड़ दिया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
लगातार दो दिनों में अलग-अलग इलाकों से देह व्यापार के मामलों का खुलासा होने से शहर में सनसनी फैल गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रायगढ़ में इस तरह के अवैध धंधों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








