Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर में बढ़ी बिजली ट्रिपिंग, गर्मी में उपभोक्ता परेशान

रायपुर। राजधानी रायपुर में गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली ट्रिपिंग की समस्या भी बढ़ने लगी है। शहर के कई इलाकों में हर घंटे बिजली कटने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई जगहों पर 24 घंटे में चार से पांच घंटे तक भी लगातार स्थिर बिजली सप्लाई नहीं मिल पा रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

बढ़ी बिजली की मांग

गर्मी के कारण बिजली की मांग तेजी से बढ़ी है। एसी, कूलर, पंखे और पानी के मोटर पंपों के अधिक उपयोग से बिजली खपत करीब 300 मेगावाट तक पहुंच गई है। इसके कारण ग्रिड और ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ गया है, जिससे बार-बार ट्रिपिंग और फ्यूज उड़ने की स्थिति बन रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की हवा या तकनीकी खराबी से भी बिजली सप्लाई प्रभावित हो रही है।

उपभोक्ताओं की शिकायत

शंकर नगर निवासी राजेश वर्मा का कहना है कि गर्मी बढ़ते ही दिन में कई बार बिजली चली जाती है। इससे एसी और कूलर भी सही तरीके से नहीं चल पाते और रात में भी बार-बार बिजली जाने से नींद खराब हो जाती है।

देवेंद्र नगर की संगीता साहू के अनुसार बिजली की आंखमिचौली से घरेलू कामकाज और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं खमतराई के इरफान खान ने बताया कि बिजली ट्रिपिंग से छोटे व्यापारियों को भी नुकसान हो रहा है, क्योंकि बार-बार बिजली जाने से फ्रिज और अन्य उपकरण बंद हो जाते हैं। संतोषी नगर की पूजा तिवारी ने कहा कि घर में छोटे बच्चे और बुजुर्ग होने के कारण रात में बिजली कटने से ज्यादा परेशानी होती है।

उपभोक्ताओं की मांग

लोगों ने बिजली विभाग से अघोषित कटौती बंद करने, सप्लाई का तय समय घोषित करने और ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग की है। साथ ही सौर ऊर्जा जैसे वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने की भी बात कही है।

विभाग का पक्ष

बिजली विभाग का कहना है कि प्री-मानसून मेंटेनेंस के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में शटडाउन लेकर लाइनों और उपकरणों की मरम्मत की जा रही है, ताकि गर्मी और बारिश के मौसम में बिजली आपूर्ति सुचारु बनी रहे।

Related Posts

भारतीय संस्कृति में धरती को मां का दर्जा, प्रकृति संरक्षण हमारी परंपरा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

छत्तीसगढ़ देश की अर्थव्यवस्था का पावर इंजन है और अब हमारा राज्य ग्रीन इकोनॉमी के…

1 of 217