Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर में पार्किंग शुल्क को लेकर सियासत तेज: कांग्रेस का मरीन ड्राइव पर प्रदर्शन, महापौर को बताया “वसूली दीदी”

रायपुर। नगर निगम रायपुर द्वारा मरीन ड्राइव पर पार्किंग शुल्क वसूली के विरोध में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। तेलीबांधा तालाब स्थित मरीन ड्राइव पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर भाजपा सरकार और महापौर मीनल चौबे के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान महापौर को “वसूली दीदी” कहकर संबोधित किया गया और नगर निगम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया गया।

“वसूली दीदी से जनता परेशान” के लगे नारे

प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाए—“वसूली दीदी से जनता परेशान” और “भाजपा की अवैध वसूली बंद करो।” मरीन ड्राइव की सड़क पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे, जिससे कुछ देर के लिए वहां लोगों की भीड़ लग गई। राहगीर और स्थानीय नागरिक भी प्रदर्शन देखने के लिए रुकते नजर आए।

पार्किंग स्थल तय नहीं, फिर शुल्क क्यों?-कांग्रेस

रायपुर कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब मरीन ड्राइव पर कोई निर्धारित पार्किंग स्थल ही नहीं है, तो सड़क पर खड़े वाहनों से पार्किंग शुल्क किस आधार पर वसूला जा रहा है? उन्होंने इसे पूरी तरह अवैधानिक और मनमाना कदम बताते हुए कहा कि आम जनता के साथ खुली लूट की जा रही है।

“भ्रमण स्थल को बना दिया कमाई का जरिया”

मेनन ने कहा कि तेलीबांधा तालाब और मरीन ड्राइव को आम नागरिकों के लिए सार्वजनिक भ्रमण स्थल के रूप में विकसित किया गया है। लोग यहां परिवार के साथ समय बिताने और सुकून के पल बिताने आते हैं, लेकिन भाजपा शासित नगर निगम ने इसे कमाई का साधन बना दिया है।

“ट्रिपल इंजन सरकार का ट्रिपल वसूली मॉडल”

कांग्रेस ने भाजपा की “ट्रिपल इंजन सरकार” पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि शहर की हर सार्वजनिक सुविधा को वसूली के केंद्र में बदला जा रहा है। पार्क, सड़क और तालाब जैसी जगहों पर शुल्क वसूली को विकास नहीं, बल्कि संगठित वसूली तंत्र बताया गया।

नगर निगम का आदेश और उठते सवाल

हाल ही में नगर निगम द्वारा जारी आदेश में गंज मैदान, कलेक्टोरेट मल्टी लेवल पार्किंग और तेलीबांधा तालाब सहित प्रमुख स्थानों पर पार्किंग शुल्क वसूली के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। कांग्रेस का कहना है कि शहर में अव्यवस्थित पार्किंग और नागरिकों की समस्याएं जस की तस हैं, लेकिन निगम का फोकस केवल शुल्क वसूली पर है।

बिना स्पष्ट दर सूची, मूलभूत सुविधाओं और जवाबदेही तय किए पार्किंग शुल्क वसूली का निर्णय निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। आम जनता अब यह पूछ रही है कि सुविधा और व्यवस्था देने में नगर निगम कब सक्रिय होगा।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद दुबे, कुलदीप जुनेजा, पंकज शर्मा, आकाश तिवारी और आकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मरीन ड्राइव पर कथित अवैध पार्किंग शुल्क वसूली तुरंत बंद नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और नगर निगम का घेराव किया जाएगा।

Related Posts

1 of 172