Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर: मल्टीलेवल पार्किंग में पेट्रोल और पार्ट्स चोरी, CCTV में कैद हुए आरोपी, VIDEO

राजधानी रायपुर की मल्टीलेवल पार्किंग में इन दिनों चोरों का गिरोह सक्रिय हो गया है। देर रात पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते हुए आरोपी पेट्रोल निकालने के साथ ही महंगे स्पेयर पार्ट्स भी चोरी कर रहे हैं। पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पेट्रोल चुराते दिखाई दे रहे हैं।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पार्किंग संचालक और वाहन मालिकों ने घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित वाहन मालिकों ने पुलिस और पार्किंग प्रबंधन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मिनटों में खाली कर देते हैं टंकी

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि देर रात कुछ युवक बाइक और स्कूटी से पार्किंग के अंदर प्रवेश करते हैं। सुरक्षा गार्डों की नजर से बचते हुए आरोपी कम रोशनी वाले स्थानों तक पहुंच जाते हैं। इसके बाद वे दोपहिया वाहनों की पेट्रोल पाइप निकालकर बोतलों में पेट्रोल भरते नजर आते हैं। कुछ ही मिनटों में वाहन की टंकी खाली कर दी जाती है।

पेट्रोल के साथ स्पेयर पार्ट्स भी चोरी

वाहन मालिकों का कहना है कि चोर सिर्फ पेट्रोल ही नहीं बल्कि गाड़ियों के साइड मिरर, क्लच लीवर समेत अन्य छोटे लेकिन महंगे स्पेयर पार्ट्स भी निकालकर ले जा रहे हैं। सुबह जब लोग ड्यूटी या काम पर जाने के लिए वाहन लेने पहुंचते हैं, तब गाड़ी स्टार्ट नहीं होने पर चोरी का पता चलता है।

पार्किंग प्रबंधन पर उठे सवाल

राजधानी के वीआईपी इलाके में स्थित इस सरकारी पार्किंग में सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद चोर बेखौफ वारदात कर रहे हैं। देर रात किसी भी अनजान व्यक्ति का पार्किंग में प्रवेश कर जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

पुलिस कर रही संदिग्धों की तलाश

पीड़ित वाहन मालिकों की शिकायत के बाद पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

1 of 221