Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतरराज्यीय सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से दो सटोरियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अंतरराज्यीय सट्टा नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है। कार्रवाई के तहत गोवा में छापेमारी कर चार और आरोपियों को पकड़ा गया। इस तरह कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बता रही है।


टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान चल रहा था खेल

पुलिस के मुताबिक टी-20 विश्व कप के दौरान मोबाइल एप के जरिए लाखों-करोड़ों रुपये का सट्टा संचालित किया जा रहा था। मुख्य आरोपी प्रतीक कुमार वीधवानी और सैन्की देवड़ा को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। तलाशी में 7.78 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया।


गोवा में किराए के मकान से चलता था नेटवर्क

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने गोवा में किराए का मकान लेकर पूरा सट्टा नेटवर्क खड़ा कर रखा था। वहीं से आईडी-पासवर्ड जारी किए जाते थे और लेन-देन का हिसाब रखा जाता था। गोवा में दबिश देकर चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।


50 बैंक खाते और 100 से ज्यादा गैजेट जब्त

जांच में सामने आया है कि नेटवर्क के संचालन के लिए करीब 50 बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने 100 से ज्यादा मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किए हैं। करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है। विदेशी मुद्रा और हवाला कनेक्शन की भी पड़ताल हो रही है।


20 हजार में बिकती थी सट्टा आईडी

आरोपी 20-20 हजार रुपये में सट्टेबाजी की आईडी और पासवर्ड बेचते थे। हारने वालों से रकम वसूलने के लिए अलग पैनल बनाया गया था। बताया जा रहा है कि 35 लाख रुपये देकर कलेक्शन सिस्टम खरीदा गया था। कर्मचारियों को 20-25 हजार रुपये महीने की सैलरी पर रखा गया था।


दुबई से लौटे थे मुख्य आरोपी

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी हाल ही में दुबई से लौटे थे और रायपुर में बैठकर पेमेंट गेट-वे पैनल चला रहे थे। मोबाइल जांच में सामने आया कि वे अलग-अलग ऑनलाइन बैटिंग पैनलों की मास्टर आईडी बनाकर कमीशन पर बेचते थे।


महादेव सट्टा एप से कनेक्शन की जांच

इस नेटवर्क का संबंध चर्चित महादेव सट्टा एप से जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस एंगल पर जांच जारी है।


रिमांड पर पूछताछ जारी

पुलिस ने मुख्य आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ट्रांजेक्शन, हवाला और विदेशी कनेक्शन से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Related Posts

रायपुर ब्रेकिंग: यूथ कांग्रेस नेता विनोद कश्यप के घर बाहर दो गाड़ियां जली, कांग्रेसियों ने थाने का किया घेराव

रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में यूथ कांग्रेस नेता विनोद कश्यप के घर के बाहर…

बिलासपुर में विकास की बड़ी सौगात: CM विष्णुदेव साय ने 263 करोड़ के 89 कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को बिलासपुर जिले के…

1 of 197