रायपुर। धरसीवां, सिलतरा चौकी इलाके में एक ग्रामीण किशन लाल निषाद ने अपनी जमीन को मुक्त कराने की मांग को लेकर हाईटेंशन खंभे पर चढ़ गए। किशन लाल निषाद पिछले 12 वर्षों से अपनी जमीन फॉर्चून मेटल प्राइवेट लिमिटेड के कब्जे से मुक्त कराने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
किशन लाल निषाद अपनी जमीन को मुक्त करने की मांग पर अड़े हुए हैं और धरना प्रदर्शन के दौरान उन्होंने हाईटेंशन खंभे पर चढ़कर अपना विरोध जताया। इस दौरान तहसीलदार, SDM और पुलिस मौके पर पहुंचे। इलाके की बिजली बंद करवाई गई और समझाइश का दौर जारी है।
किशन लाल की जमीन वर्तमान में फॉर्चून मेटल प्राइवेट लिमिटेड के कब्जे में है। ग्रामीण का कहना है कि पिछले 12 सालों से जमीन खाली कराने के लिए सभी कानूनी और प्रशासनिक उपाय अपनाए गए, लेकिन अब तक कोई हल नहीं निकला। पुलिस और प्रशासन मौके पर किशन लाल को नीचे उतरने के लिए समझा रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।










