रायपुर। आबकारी विभाग की सचिव सह आबकारी आयुक्त आर. शंगीता ने नवा रायपुर स्थित कार्यालय में विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी जिलों के अधिकारी, उड़नदस्ता टीम, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सचिव सह आयुक्त ने आगामी महीनों के लिए जिलेवार कार्ययोजना तैयार कर वित्तीय वर्ष 2025-26 के राजस्व लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त करने के निर्देश दिए।
दुकानवार समीक्षा और अनुशासन पर जोर
आर. शंगीता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मदिरा दुकानों में उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहे और निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री किसी भी स्थिति में न हो। दुकानों में मदिरा को नियमानुसार दर सूची के साथ रैक में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही नियमों और अनुशासन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
लक्ष्य से पीछे जिलों को विशेष रणनीति
बैठक में जनवरी माह तक राजस्व लक्ष्य की जिलेवार समीक्षा की गई। जिन जिलों ने लक्ष्य हासिल कर लिया है, उन्हें निरंतरता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं लक्ष्य से पीछे चल रहे जिलों को दुकानवार समीक्षा कर कमी के कारणों का विश्लेषण करते हुए विस्तृत कार्ययोजना बनाकर अमल में लाने को कहा गया।
मिलावट और अनियमितता पर सख्ती
सचिव सह आयुक्त ने स्पष्ट हिदायत दी कि मदिरा में किसी भी प्रकार की मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जिला अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई, दोषी कर्मचारियों को कार्यमुक्त कर ब्लैकलिस्ट करने की बात कही गई। दुकानों में पेटीएम सहित अन्य कैशलेस भुगतान के लिए पृथक काउंटर की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
बार, क्लब और ढाबों की जांच
प्रदेश में संचालित बार, क्लब, होटल और ढाबों की आकस्मिक जांच करने तथा निर्धारित समय के बाद संचालन या अवैध मदिरा विक्रय पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अवैध मदिरा निर्माण, परिवहन और तस्करी पर नियंत्रण के लिए जरूरत पड़ने पर पुलिस विभाग से समन्वय बढ़ाने को कहा गया।
सीमावर्ती चौकियों पर विशेष अभियान
अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी जांच चौकियों को अन्य राज्यों की मदिरा की तस्करी रोकने हेतु विशेष अभियान चलाने और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभाग में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई तथा कर्मचारियों के पेंशन और अनुकंपा नियुक्ति संबंधी प्रकरणों का शीघ्र और संवेदनशील निराकरण करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक पदुम सिंह एल्मा, विशेष सचिव आबकारी विभाग देवेंद्र सिंह भारद्वाज सहित मुख्यालय, संभागीय और जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।








