रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए एक बार फिर हेल्पलाइन सेंटर की शुरुआत की जा रही है। यह हेल्पलाइन सेंटर 5 फरवरी से रायपुर स्थित माध्यमिक शिक्षा मंडल के कार्यालय में शुरू होगा, जिसका उद्देश्य परीक्षा के दौरान छात्रों को आने वाली शैक्षणिक और मानसिक समस्याओं का समाधान करना है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के अनुसार, कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक आयोजित होगी, जबकि कक्षा 10वीं की परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च 2026 तक चलेगी। परीक्षा को लेकर छात्रों में बढ़ते तनाव को देखते हुए यह सुविधा हर साल की तरह इस बार भी उपलब्ध कराई जा रही है।
विशेषज्ञ देंगे मार्गदर्शन
हेल्पलाइन सेंटर में विषय विशेषज्ञ शिक्षक, मनोचिकित्सक और काउंसलर मौजूद रहेंगे, जो छात्रों के साथ-साथ पालकों और शिक्षकों की समस्याओं का भी समाधान करेंगे। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1800 233 4363 जारी किया गया है, जिस पर कॉल कर परीक्षार्थी परीक्षा से जुड़े सवाल, विषयगत कठिनाइयों और मानसिक तनाव से संबंधित सलाह ले सकते हैं।
5 फरवरी से होगी शुरुआत
हेल्पलाइन सेंटर के नोडल अधिकारी प्रदीप कुमार साहू ने बताया कि यह केंद्र परीक्षा शुरू होने से 15 दिन पहले प्रारंभ किया जाता है। पहले चरण में हेल्पलाइन सेंटर 5 फरवरी से 18 फरवरी तक संचालित होगा। इसके बाद दूसरा चरण 19 फरवरी से शुरू होकर अंतिम परीक्षा से दो दिन पूर्व तक चलेगा।
एक साथ पांच कॉल की सुविधा
हेल्पलाइन सेंटर में एक ही टोल फ्री नंबर पर एक साथ पांच टेलीफोन सक्रिय रहेंगे। यदि एक लाइन व्यस्त रहती है, तो कॉल स्वतः दूसरी लाइन पर कनेक्ट हो जाएगी। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। शासकीय अवकाश और रविवार को छोड़कर सभी कार्यदिवसों में हेल्पलाइन सेंटर संचालित होगा।
विषयवार मार्गदर्शन की सुविधा
हेल्पलाइन सेंटर में गणित, अंग्रेजी, भौतिकी, रसायन शास्त्र और जीव विज्ञान जैसे विषयों के विशेषज्ञ छात्रों को मार्गदर्शन देंगे। परीक्षा के डर, तनाव और कठिन विषयों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए यह हेल्पलाइन छात्रों के लिए एक बड़ा सहारा साबित होगी।









