बलौदाबाजार/पलारी: भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी जीरो टॉलरेंस की नीति को जारी रखते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने आज जनपद पंचायत पलारी में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने यहाँ पदस्थ एसडीओ (SDO) गोपाल कृष्ण शर्मा को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा ने एक विकास कार्य को आगे बढ़ाने और उसे मंजूरी देने के एवज में उप-सरपंच से एक लाख रुपये की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर उप-सरपंच ने इसकी शिकायत एसीबी से की।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद, एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही उप-सरपंच रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 25,000 रुपये लेकर एसडीओ के कार्यालय पहुंचे और उन्हें राशि सौंपी, पहले से मुस्तैद एसीबी की टीम ने दबिश देकर अधिकारी को धर दबोचा।
एसीबी की टीम फिलहाल जनपद पंचायत कार्यालय में दस्तावेजों को खंगाल रही है। आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के घर और अन्य ठिकानों पर भी जांच की संभावना जताई जा रही है।










