अंबिकापुर। होलिका दहन की तैयारियों और उत्साह के बीच मणिपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बहेरापारा इलाके में रहने वाले पारस केरकेट्टा की कथित तौर पर उनके ही बेटे प्रभात ने टांगी (कुल्हाड़ी) से हमला कर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात प्रभात शराब के नशे में घर पहुंचा। पिता द्वारा डांट लगाने के बाद विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर प्रभात ने घर में रखी टांगी से पिता पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने शोर सुना, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा।
घटना के बाद आरोपी ने शव को घर के पास स्थित एक छोटे पानी टैंक में छिपा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव बरामद कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी एक रेस्टोरेंट गया, वहां बिरयानी खाई और फिर घर लौटकर कंबल ओढ़कर सो गया। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि हत्या “गलती से” हुई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। होली की खुशियों के बीच हुई इस वारदात ने परिवार और मोहल्ले में मातम का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।










