अमलेश्वर (दुर्ग)। अमलेश्वर इलाके में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ़्तार फॉर्च्यूनर ने साइकिल से जा रहे दो बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल है और वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना फॉर्च्यूनर (CG 08 AW 9300) से हुई, जो पाटन से रायपुर की ओर तेज गति से जा रही थी। उसी दौरान सड़क पार कर रहे टकेश्वर साहू और प्रहलाद की साइकिल को वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 10 वर्षीय टकेश्वर की मौत हो गई, जबकि प्रहलाद गंभीर रूप से घायल है और आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर है।
पास के सीसीटीवी कैमरे में यह भयावह हादसा कैद हो गया। फुटेज में साफ दिखता है कि तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर क्रॉसिंग पर बच्चों को जोरदार टक्कर मारती है। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्चों की साइकिल पलभर में उछलकर दूर जा गिरती है और बच्चे सड़क पर घिसटते हुए नजर आते हैं।
हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी रोककर नीचे उतरा और दोनों बच्चों को अपनी कार से तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने टकेश्वर को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रहलाद की हालत गंभीर बनी हुई है।
फॉर्च्यूनर वाहन राजनांदगांव के एक कारोबारी के नाम पर पंजीकृत है। परिजनों का आरोप है कि वाहन मालिक ने मामले को मुआवजा देकर रफा-दफा करने का दबाव बनाया। बच्चे के पिता ने साफ कहा है कि वे अपने बेटे की मौत का न्याय चाहते हैं।
पुलिस का कहना है कि चालक मौके से फरार नहीं हुआ था, वह खुद बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचा, इसलिए नियमों के तहत जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रायपुर–अमलेश्वर–पाटन मार्ग टोल टैक्स बचाने का शॉर्टकट बन गया है। इसी कारण वाहनों की आवाजाही तेज हो गई है। इस मार्ग पर कई गांव, कॉलोनियां और सरकारी स्कूल होने के बावजूद चालक हाईवे की स्पीड से वाहन दौड़ाते हैं। नतीजतन, इस सड़क पर अक्सर हादसे हो रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग पर स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।









