गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। मेहमान टीम द्वारा दिए गए 549 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने चौथे दिन अपनी दूसरी पारी में दो शुरुआती विकेट गंवा दिए। भारत की ओर से साई सुदर्शन और कुलदीप यादव फिलहाल क्रीज पर जमे हुए हैं और टीम बड़े लक्ष्य की ओर बढ़ने का प्रयास कर रही है।
भारत की दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल (13) मार्को जानसेन की बाउंसी गेंद पर विकेटकीपर काइल वेरेने को कैच दे बैठे। कुछ ही देर बाद केएल राहुल साइमन हार्मर की स्पिन गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। इन दोनों झटकों से भारत दबाव में जरूर आया, लेकिन युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन ने धैर्य के साथ पारी संभालने की कोशिश जारी रखी। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले दिन से ही मैच पर दबदबा बनाए रखा।
साऊथ अफ्रीका और इंडिया की पहली पारी
साउथ अफ्रीका — 489 रन
भारत — 201 रन
दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी में 260/5 पर पारी घोषित कर भारत को 549 रन का असंभव-सा लक्ष्य दिया। इस पारी के नायक रहे ट्रिस्टन स्टब्स, जिन्होंने शानदार 94 रन बनाए। भारत की ओर से दूसरी पारी में सबसे प्रभावशाली गेंदबाज रहे रवींद्र जडेजा, जिन्होंने 62 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह नई गेंद से कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ सके।
भारत पहले टेस्ट में 30 रनों से हार चुका है। ऐसे में यह मुकाबला जीतना ही होगा ताकि सीरीज 1-1 से ड्रॉ हो सके। दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका मजबूत स्थिति में है और भारत को पूरे दिन बल्लेबाजी करके एक ऐतिहासिक लक्ष्य का पीछा करना होगा।









