सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपने ही बेटे पर घर में चोरी का आरोप लगाया। मामला विश्रामपुर थाना क्षेत्र का है।
बेटे पर घर का ताला तोड़ने का आरोप
कुमदा बस्ती निवासी रामविलास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसके बेटे दिगंबर ने अपने साथी मुन्ना पैकरा के साथ मिलकर घर का ताला तोड़ा और करीब तीन क्विंटल धान चोरी कर लिया। पिता की शिकायत सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई और मामले की जांच शुरू की।
चोरी की बाइक से पहुंचे थे घर
पुलिस जांच में घर से धान चोरी की पुष्टि हुई। साथ ही यह भी सामने आया कि आरोपियों ने जयनगर क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। उसी बाइक का इस्तेमाल कर वे अपने घर पहुंचे और धान चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
निगरानी बदमाश निकला बेटा
सूरजपुर पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी बेटा निगरानी बदमाश है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने जब्त की गई बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।









