नासिक : महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के डिंडोरी तालुका के शिवाजीनगर इलाके में शुक्रवार देर रात एक कार के कुएं में गिर जाने से छह स्टूडेंट्स सहित कुल नौ लोगों की मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुआ। Maruti Suzuki Ertiga कार में सवार सभी लोग एक सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि शिवाजीनगर स्थित एक वेडिंग वेन्यू में एक निजी कोचिंग संस्थान द्वारा सोशल गैदरिंग आयोजित की गई थी, जिसमें शहर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक शामिल हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद डिंडोरी का दरगोड़े परिवार कार से घर लौट रहा था, तभी वेडिंग वेन्यू के पास स्थित खेत के कुएं में उनकी कार अचानक गिर गई।
राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत की फायर ब्रिगेड, डिजास्टर मैनेजमेंट टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। कुएं में पानी भरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद देर रात क्रेन की मदद से कार को कुएं से बाहर निकाला गया।
नौ लोगों की गई जान
इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें छह छात्र भी शामिल हैं। मृतकों में राखी दरगोड़े, आशा दरगोड़े, सृष्टि दरगोड़े, सुनील दरगोड़े, श्रेयश दरगोड़े, माधुरी दरगोड़े, समृद्धि दरगोड़े, रेशमा दरगोड़े और श्रावणी दरगोड़े शामिल हैं।
पुलिस का बयान
डिंडोरी पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक भगवान मथुरे के अनुसार, “एक निजी कोचिंग संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम से लौटते समय दरगोड़े परिवार की कार मैरिज हॉल के पास स्थित कुएं में गिर गई। इस हादसे में छह स्टूडेंट्स सहित नौ लोगों की मौत हो गई। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।”









