टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया (TRAI) ने स्पैम कॉल्स और फ़्रॉड गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले एक साल में 21 लाख मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए हैं। इन नंबरों का इस्तेमाल स्कैमर्स और संदिग्ध एंटिटीज़ द्वारा फ़्रॉड कॉल्स और स्पैम मैसेज भेजने के लिए किया जा रहा था।
TRAI ने बताया कि इस अभियान में TRAI DND ऐप की अहम भूमिका रही। ऐप के ज़रिए यूज़र्स द्वारा की गई रिपोर्ट्स के आधार पर इन नंबरों की पहचान की गई और फिर इन्हें ब्लैकलिस्ट कर ब्लॉक कर दिया गया। यही वजह है कि TRAI ज्यादा से ज्यादा मोबाइल यूज़र्स से आग्रह कर रहा है कि वे स्पैम कॉल्स और मैसेजेज सिर्फ ब्लॉक न करें, बल्कि उन्हें ऐप के माध्यम से रिपोर्ट भी करें।
एजेंसी के मुताबिक, सिर्फ फ़ोन की तरफ़ से नंबर ब्लॉक करना लंबे समय के लिए समाधान नहीं है, क्योंकि इससे नंबर TRAI की ब्लैकलिस्ट में शामिल नहीं हो पाता।
TRAI की पब्लिक एडवाइजरी: यूज़र्स इन बातों का रखें ध्यान
स्पैम और साइबर फ्रॉड से बचने के लिए TRAI ने कुछ अहम निर्देश जारी किए हैं-
TRAI DND ऐप इंस्टॉल करें और स्पैम कॉल/मैसेज को वहीं से रिपोर्ट करें।
सिर्फ मोबाइल पर नंबर ब्लॉक करने से काम नहीं चलेगा, रिपोर्ट करना ज़रूरी है।
किसी भी कॉल या मैसेज पर अपनी पर्सनल या बैंकिंग जानकारी शेयर न करें।
किसी कॉल या मैसेज पर ज़रा भी संदेह होने पर तुरंत डिसकनेक्ट करें।
साइबर फ्रॉड की स्थिति में नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या सरकारी पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।










