रायपुर/बिलासपुर/राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ में आज न्यायपालिका के परिसरों पर आतंकी साया मंडरा रहा है। प्रदेश के दो प्रमुख जिलों, बिलासपुर और राजनांदगांव के जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद दोनों ही शहरों में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और कोर्ट परिसरों को खाली कराकर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
बिलासपुर: ऑफिशियल मेल से आई धमकी, कोर्ट परिसर सील
न्यायधानी बिलासपुर में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, जिला न्यायालय के ऑफिशियल ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा पत्र भेजा गया, जिसमें परिसर को बम से उड़ाने का जिक्र था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है।डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) की टीमें कोर्ट की हर मंजिल और कमरे की तलाशी ले रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर सभी वकीलों, पक्षकारों और कर्मचारियों को परिसर से बाहर निकाल दिया गया है। फिलहाल कोर्ट को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।
राजनांदगांव: बम की खबर से मची भगदड़, मौके पर भारी पुलिस बल
राजनांदगांव जिला न्यायालय में भी बम होने की सूचना मिलने के बाद सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। बम स्क्वाड की टीम अंदर मौजूद है और मेटल डिटेक्टर व अन्य आधुनिक उपकरणों से जांच की जा रही है। कोर्ट में चल रही सुनवाई रोक दी गई है और अचानक हुई इस कार्रवाई से लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।









