रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर शनिवार को छत्तीसगढ़ पहुंच गए हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। एयरपोर्ट से अमित शाह सीधे मेफेयर होटल के लिए रवाना हुए।
दौरे के दूसरे दिन रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री राज्य में नक्सलवाद की वर्तमान स्थिति को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। बताया जा रहा है कि इस बैठक में नक्सलवाद के समूल उन्मूलन को लेकर समय-सीमा (डेडलाइन) तय करने पर गंभीर चर्चा होगी। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों को रणनीतिक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
समीक्षा बैठक के बाद अमित शाह बस्तर के लिए रवाना होंगे, जहां वे बस्तर पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
दौरे के अंतिम दिन सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री रायपुर से जगदलपुर पहुंचेंगे। जगदलपुर में बस्तर पंडुम कार्यक्रम में सहभागिता के बाद अमित शाह वहीं से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री का यह दौरा छत्तीसगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल उन्मूलन और विकास योजनाओं के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।








