Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

अमेरा ओपन कास्ट खदान विस्तार पर बवाल: 150 ग्रामीणों पर मामला दर्ज, 10 गिरफ्तार; क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात

रायपुर। सरगुजा जिले के परसोढ़ी कला गांव स्थित अमेरा ओपन कास्ट कोयला खदान के विस्तारीकरण को लेकर बुधवार को हुए हिंसक विवाद के बाद पुलिस और प्रशासन की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लखनपुर थाने में 150 से अधिक ग्रामीणों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, सरकारी संपत्ति को नुकसान और हत्या के प्रयास सहित बीएनएस की धारा 126, 191(2), 191(3) समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इनमें 55 ग्रामीणों को नामजद किया गया है, जबकि 10 ग्रामीणों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

39 पुलिसकर्मी हुए घायल, गांव में तनाव के बीच सुरक्षा कड़ी
खदान विस्तार के विरोध में बुधवार को हुई झड़प में 39 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इसके बाद परसोढ़ी कला और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अपर कलेक्टर सुनील नायक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों घटनास्थल पर मौजूद रहकर हालात पर नजर रखे हुए हैं।

एसईसीएल के अधिकारियों का कहना है कि खदान विस्तार के लिए भूमि वर्ष 2001 में अधिग्रहित की गई थी और किसानों को 19 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि 19 किसानों ने मुआवजा जरूर लिया था, पर वादा किया गया रोजगार आज तक पूरा नहीं हुआ। कई ग्रामीण पुश्तैनी जमीन छोड़ने को राजी नहीं हैं। एसईसीएल ने बुधवार की हिंसा के लिए “असामाजिक तत्वों” को जिम्मेदार बताया है।

शांति के साथ काम पर लौटे हालात, खदान विस्तार दोबारा शुरू
हिंसा के एक दिन बाद गुरुवार को गांव में स्थिति शांत रही। ग्रामीणों ने किसी प्रकार का विरोध नहीं किया, जिसके बाद पुलिस सुरक्षा में खदान विस्तार का काम फिर शुरू कर दिया गया। अधिग्रहित भूमि पर ट्रेंच बनाने का कार्य लगभग पूरा हो गया है, हालांकि कोयला उत्खनन अभी शुरू नहीं हुआ है।

गुरुवार को ग्रामीणों ने बैठक कर रोजगार तथा मुआवजा वितरण से संबंधित लंबित मांगों पर चर्चा की। प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि उनकी मांगें एसईसीएल प्रबंधन तक पहुंचाई जाएंगी।

10 ग्रामीण जेल भेजे गए, प्रशासन सतर्क
गिरफ्तार ग्रामीणों को अदालत में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है। क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related Posts

रायपुर ब्रेकिंग: देवेंद्र इलाके के इलेक्ट्रानिक गोदाम में भीषण आग, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, VIDEO

रायपुर: रायपुर के देवेंद्र इलाके में स्थित एक इलेक्ट्रानिक फैक्ट्री में अचानक आग…

1 of 245