Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: सड़क पर बर्थडे पार्टी और स्टंट का वीडियो वायरल, तीन युवक गिरफ्तार, कान पकड़वाकर कराई गई माफी

बिलासपुर। शहर में सड़क पर नियमों को ताक पर रखकर मनाई गई बर्थडे पार्टी और युवकों के स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। कुदुदंड शिव चौक के पास सड़क घेरकर बर्थडे पार्टी मनाने और हंगामा करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने पकड़कर उनके खिलाफ मामले दर्ज किए हैं।

जानकारी के अनुसार कुदुदंड क्षेत्र में रहने वाले आशीष साहू, शुभ राव जड़ीत और हिमांशु गुप्ता ने 21 नवंबर की रात शिव चौक पर सड़क बीचोंबीच जीप खड़ी कर दी थी और वहीं जन्मदिन मनाना शुरू कर दिया। इससे आने-जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जब एक युवक ने इसका विरोध किया तो उन्होंने उससे भी बहसबाजी की।

घटना का वीडियो करीब एक सप्ताह बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद एक स्थानीय ट्रांसपोर्टर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को पकड़कर मोटर व्हीकल एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। थाने में युवकों को कान पकड़कर माफी भी मंगवाई गई। सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हरकतों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसी बीच बिलासपुर के रिवर व्यू में एक युवक द्वारा चलती कार का दरवाजा खोलकर स्टंट करने का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ। स्टंट का वीडियो उसके साथी ने ड्रोन कैमरे से रिकॉर्ड किया था।

वीडियो में दिखे युवकों की पहचान प्रसुन यादव (21), आदित्य राणा और ओंकार पटेल के रूप में हुई। कार चला रहा था आदित्य राणा, जबकि ओंकार पटेल ने ड्रोन से स्टंट का वीडियो शूट किया था। वीडियो वायरल होने पर सिविल लाइन पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर मोटर व्हीकल एक्ट समेत प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर खतरनाक स्टंट, भीड़ इकठ्ठा करना और सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा दुर्घटना और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो को आधार बनाकर ऐसे मामलों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

रायपुर ब्रेकिंग: देवेंद्र इलाके के इलेक्ट्रानिक गोदाम में भीषण आग, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, VIDEO

रायपुर: रायपुर के देवेंद्र इलाके में स्थित एक इलेक्ट्रानिक फैक्ट्री में अचानक आग…

1 of 245