Uncategorized

CG NEWS: हाई प्रेशर बोरिंग से फूटा पानी, पड़ोसी के घर की ज़मीन फाड़कर निकला फव्वारा, VIDEO

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां हाई प्रेशर से की जा रही बोरिंग के दौरान पानी का जबरदस्त फोर्स पड़ोसी के घर की ज़मीन फाड़ते हुए बाहर निकल आया। पानी का दबाव इतना तेज था कि घर में लगी टाइल्स टूट गईं और दीवारों तक पानी का फव्वारा पहुंच गया। घटना के समय घर के मालिक मौके पर मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए।

यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोकुलधाम इलाके का है। जानकारी के अनुसार, पड़ोसी के घर में पानी के लिए हाई प्रेशर बोरिंग कराई जा रही थी। इसी दौरान अचानक ज़मीन के भीतर अत्यधिक दबाव बना और पानी पड़ोसी के घर के अंदर टाइल्स तोड़ते हुए तेज आवाज के साथ बाहर निकल आया।

घर मालिक कुछ समझ पाते, उससे पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और देखते ही देखते पानी का फोर्स छत और दीवारों को छूने लगा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सामने आया है।

पुराने बोरिंग से कनेक्शन की आशंका

स्थानीय लोगों का कहना है कि नया बोरिंग संभवतः पड़ोसी के पुराने बोरिंग से जुड़ गया, जिससे अचानक अत्यधिक दबाव बना और पानी का रुख दूसरे घर की ओर हो गया। इसी कारण ज़मीन के भीतर से पानी ने रास्ता बनाते हुए घर के अंदर प्रवेश किया।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले की जांच की मांग की जा रही है।


Related Posts

1 of 5