रायपुर: राजधानी रायपुर के अभनपुर इलाके में गुंडागर्दी और रोड रेज का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपनी बहन के लिए खाना लेकर अस्पताल जा रहे एक मासूम युवक को बदमाशों ने सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा क्योंकि उसने उन्हें बीच सड़क पर गाली-गलौज करने और खतरनाक तरीके से बाइक चलाने से टोका था।
बहन को खाना देने जा रहा था पीड़ित
पीड़ित महेश नवरंगे, जो पेशे से वेल्डिंग मिस्त्री है, 4 मार्च की दोपहर करीब 1:30 बजे अपनी बहन मंजू साहू के लिए खाना लेकर ‘सोनी मल्टी अस्पताल’ जा रहा था। जब वह फरिकार भवन के पास पहुंचा, तो उसने देखा कि कुछ अज्ञात लड़के मोटरसाइकिल को लहराते हुए चला रहे थे और राहगीरों को गंदी गालियां दे रहे थे।
टोकने पर भड़के बदमाश: “तुम कौन होते हो?”
जब महेश ने हाथ देकर उन्हें रोका और सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का हंगामा न करने की सलाह दी, तो आरोपी आगबबूला हो गए। उन्होंने महेश को चारों तरफ से घेर लिया और चिल्लाते हुए कहा- “तुम कौन होते हो हमें रोकने वाले?” इसके बाद बदमाशों ने मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए उस पर हमला बोल दिया।
कड़े और मुक्कों से जानलेवा हमला
विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने महेश पर हाथ-मुक्कों और हाथ में पहने भारी कड़े से वार करना शुरू कर दिया। सरेराह हुई इस मारपीट में महेश की पीठ, कमर, मुंह और बाईं आंख के नीचे गंभीर चोटें आई हैं। युवक को लहूलुहान करने के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी बाइक से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई: संदिग्धों से पूछताछ जारी
घटना के बाद घायल महेश ने अभनपुर थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इलाके के कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।









