तिल्दा-नेवरा: तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। छछानपहरी के आगे बंजारी मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर दो दोपहिया वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भिंभौरी निवासी लोकनाथ धीवर अपनी मां को बाइक (CG04 LT 5740) पर बैठाकर आ रहा था। जैसे ही वह बंजारी मंदिर के पास मुख्य सड़क पर पहुंचा, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे दोपहिया वाहन (CG04 QP 8609) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि लोकनाथ धीवर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में उसकी मां को भी पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, जबकि दूसरे वाहन चालक को मामूली चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन समय पर मदद नहीं पहुंच सकी। गंभीर रूप से घायल लोकनाथ ने अपनी मां के सामने ही दम तोड़ दिया, जिससे मौके का माहौल बेहद भावुक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।










