रायपुर और बिलासपुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अप्रैल की शुरुआत में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे ने रायपुर–बिलासपुर रूट पर चलने वाली 11 लोकल ट्रेनों को 31 मार्च से 11 अप्रैल 2026 तक रद्द करने का फैसला लिया है। ऐसे में रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को दफ्तर और कामकाज के लिए एक्सप्रेस ट्रेनों का सहारा लेना पड़ेगा।
चौथी लाइन के निर्माण के कारण फैसला
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में बिलासपुर–झारसुगुड़ा सेक्शन पर चौथी लाइन के निर्माण का काम चल रहा है। इसी के तहत बिलासपुर–चांपा सेक्शन के अकलतरा स्टेशन पर प्री-नॉन/नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। इसके चलते इस रूट की कई लोकल और पैसेंजर ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द किया गया है।
लंबी दूरी की ट्रेनें भी प्रभावित
रेलवे के इस काम के कारण 4 से 24 अप्रैल के बीच कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें भी रद्द रहेंगी। इनमें शालीमार, छत्तीसगढ़, गोंडवाना और समता एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। इससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ने की संभावना है।
पैसेंजर बनकर चलेगी हसदेव एक्सप्रेस
रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए हसदेव एक्सप्रेस को चलाने का फैसला लिया है, लेकिन यह ट्रेन 31 मार्च से 11 अप्रैल तक कोरबा–बिलासपुर–कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलेगी। रायपुर से बिलासपुर के बीच यह लोकल की तरह रुकते हुए चलेगी, जिससे सुबह और शाम के समय इस ट्रेन में यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है।
रोजाना 30 हजार यात्रियों पर असर
रायपुर से बिलासपुर के बीच रोजाना 10 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं, जबकि एमएसटी कार्ड से यात्रा करने वालों की संख्या 8 हजार से ज्यादा है। ऐसे में 11 लोकल ट्रेनों के रद्द होने से करीब 30 हजार से अधिक यात्रियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ेगी।
सुबह 11 बजे तक रायपुर पहुंचने वाली ट्रेनें नहीं होने के कारण यात्रियों को एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने के लिए घर से काफी पहले निकलना पड़ेगा। वहीं सुबह और शाम के समय अंबिकापुर एक्सप्रेस में भी यात्रियों का दबाव बढ़ सकता है।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
31 मार्च से 11 अप्रैल के बीच बिलासपुर–रायगढ़, रायपुर–गेवरा रोड, रायपुर–कोरबा, बिलासपुर–कोरबा और गोंदिया–झारसुगुड़ा समेत कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी। कुल मिलाकर अप्रैल की शुरुआत में रायपुर–बिलासपुर रेल रूट पर यात्रियों का सफर काफी मुश्किल रहने वाला है।









