चेन्नई। श्रीलंका में भारी तबाही मचाने के बाद साइक्लोन दितवाह तेजी से आगे बढ़ते हुए रविवार को तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों से टकराने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कुड्डालोर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू समेत कई तटीय जिलों में तेज हवाओं के साथ अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
तूफान से संभावित नुकसान को देखते हुए तमिलनाडु सरकार ने NDRF और SDRF की 28 से अधिक टीमें तटीय जिलों में तैनात की हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात के NDRF बेस से 10 अतिरिक्त टीमें चेन्नई पहुंच चुकी हैं, जो आवश्यकतानुसार राहत और बचाव कार्य में लगाई जाएंगी।
भारी बारिश के चलते चेन्नई एयरपोर्ट पर शनिवार को 54 उड़ानें रद्द कर दी गईं। पुडुचेरी सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने तूफान को देखते हुए छुट्टी घोषित कर परीक्षाएँ स्थगित कर दी हैं। साथ ही पुडुचेरी, कराईकल, माहे और यनम में सभी स्कूल और कॉलेज सोमवार तक बंद रहेंगे।
साइक्लोन दितवाह ने श्रीलंका में कहर बरपाया, जहाँ बाढ़ और भूस्खलन से 150 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा लोग लापता हैं। वहीं तूफान के कारण उड़ानें रद्द होने से कोलंबो एयरपोर्ट पर लगभग 300 भारतीय यात्री पिछले तीन दिनों से फंसे हुए हैं। ये सभी यात्री दुबई से श्रीलंका के रास्ते भारत लौटने वाले थे।










